उत्तराखंड / दिल्ली।
हिमाचल प्रदेश में मतदान हो चुके हैं। वहीं, गुजरात में एक व पांच दिसंबर को मतदान होने हैं।भाजपा यहां पर अपने प्रत्याशियों की सूची जारी कर चुकी हैं। ऐसे में अब भारतीय जनता पार्टी का पूरा ध्यान 2024 में होने वाले लोकसभा चुनावों पर है। इसलिए पार्टी अभी से इसकी तैयारी में जुट गई है। पार्टी की ओर से इसको लेकर बैक-टू-बैक बैठकें भी की जा रही हैं। अब खबर है कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर आज दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय पर बैठक चल रही है।
जानकारी के मुताबिक, पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष की अध्यक्षता में यह बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में भाजपा के सभी मोर्चा के प्रमुखों को भी बुलाया गया है। इस बैठक के दौरान गुजरात चुनाव और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) चुनावों में भी सभी मोर्चाओं की भूमिका तय की जाएगी।
गुजरात में कठिन हुई लड़ाई
गुजरात की सत्ता में भाजपा 27 साल से काबिज है। बीते चुनाव में भी भाजपा को पूर्ण बहुमत मिला था। हालांकि, इस बार आम आदमी पार्टी की एंट्री से विधानसभा चुनाव में लड़ाई कठिन हो गई है। दरअसल, आम आदमी पार्टी ने गुजरात में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। पार्टी ने इसुदान गढ़वी को अपना सीएम उम्मीदवार घोषित किया है। इसने भाजपा व कांग्रेस का ध्यान अपनी ओर खींचा है।