(चंपावत) टनकपुर :
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के चंपावत से चुनाव लड़ने के निर्णय के बाद दूसरे दलों के नेताओं का पालाबदल उफान पर है। बृहस्पतिवार को दो वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं समेत 10 से अधिक पंचायत प्रतिनिधि भाजपा में शामिल हो गए हैं।
भाजपा में शामिल होने वालों में इस साल फरवरी में हुए चुनाव में कांग्रेस के टिकट के लिए दावेदारी करने वाले दो नेता युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष सूरज प्रहरी और सेवादल प्रदेश मंत्री हरगोविंद बोहरा भी शामिल हैं। पूर्व जिला पंचायत सदस्य उषा गुरुंग भी भाजपा में शामिल हुईं। उधर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पूरन सिंह कठायत ने दल बदल कर भाजपा में शामिल होने वाले नेताओं को अवसरवादी बताया है। वहीं पिछले सप्ताह पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष बहादुर सिंह पाटनी भी कांग्रेस से नाता तोड़ चुके हैं। हालांकि अभी वे किसी पार्टी में शामिल नहीं हुए हैं।
भाजपा से जुड़ा सेनानी उत्तराधिकारी संगठन
टनकपुर (चंपावत)। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संगठन जिलाध्यक्ष महेश चौड़ाकोटी के नेतृत्व में सेनानी उत्तराधिकारी सदस्य भाजपा में शामिल हुए। उम्मीद जताई कि धामी के नेतृत्व में पूर्व सैनिक और उनके आश्रितों के हितों का ध्यान रखा जाएगा। सेनानी उत्तराधिकारी संगठन के कैप्टन त्रिलोक जोशी, धूरा के प्रधान कमल किशोर, बीडीसी सदस्य पूर्व कनिष्ठ उपप्रमुख प्रकाश चौड़ाकोटी, पूर्व प्रधान शिवराज सिंह, सरपंच स्वरूप राम आदि शामिल हुए। सभी नेताओं का मुख्यमंत्री ने स्वागत किया।
पूर्णागिरि मंदिर समिति ने भी थामा भाजपा का दामन
पूर्णागिरि धाम (चंपावत)। प्रमुख अध्यात्मिक स्थल मां पूर्णागिरि धाम के विकास के लिए पूर्णागिरि मंदिर समिति ने भाजपा का समर्थन किया है। समिति के अध्यक्ष पंडित किशन तिवारी और मोहन पांडेय के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को पूरी समिति भाजपा में शामिल हो गई। सीएम धामी ने समिति के सदस्यों का स्वागत कर इसे देवी मां का आशीर्वाद बताया है। उपाध्यक्ष नीरज पांडेय, सचिव सुरेश तिवारी, कोषाध्यक्ष नवीन तिवारी, जगदीश तिवारी, राजेंद्र तिवारी, प्रकाश पांडेय, नाथ पांडेय, सुभाष पांडेय, नरेश पांडेय, लालमणि पांडेय आदि भी भाजपा में शामिल हुए।