उत्तराखंड, काशीपुर।
कुंडा थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने दो मासूम बच्चों को जहर देकर खुद भी जहर खा लिया। जहर खाने से महिला व उसके दो साल के बेटे की मौत हो गई। जबकि, चार साल की बेटी का अस्पताल में इलाज चल रहा है। महिला द्वारा जहर खाने के पीछे का कारण पता नहीं चल सका है। हालांकि, पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच पड़ताल में जुटी है।
ग्राम गंगापुर थाना कूंडा क्षेत्र में हुई इस घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार ग्राम गंगापुर में कुसुमलता अपनी दो संतानों दीपिका 4 साल, लव 2 साल तथा काे लेकर पिछले डेढ़ साल से राजा नाम के व्यक्ति के साथ रह रही थी।
कचनाल गाजी निवासी कुसुमलता (24) पुत्री चिन्ना सिंह का विवाह लगभग छह साल पहले दढियाल निवासी रामकिशोर से हुआ था। बताया जाता है कि कुसुमलता का ग्राम गंगापुर में किसी रिश्तेदारी में आना जाना था। जहां उसकी मुलाकात राजा से हुई। पिछले डेढ़ साल से कुसुमलता राजा के साथ ही रहने लगी।
कुसुमलता का अपने पति रामकिशोर से विवाद चल रहा था। जिसको लेकर गांव में दोनों के बीच सुलह कराने के लिए पंचायत भी की गई थी, लेकिन इसके बावजूद कुसुमलता अपने दो बच्चों को लेकर राजा के साथ रहने लगी थी। बुधवार को कुसुमलता द्वारा उठाए गए इस कदम के पीछे के कारणों की जांच करने में पुलिस जुटी है।