नई दिल्ली :
PM MODI ने सोमवार को कहा कि भारत रोजाना 1.25 करोड़ कोविड टीके लगा रहा है जो कई देशों की आबादी से अधिक है। पीएम मोदी बोले, ‘भारत आज एक दिन में सवा करोड़ टीके लगाकर रिकार्ड बना रहा है। जितने टीके भारत आज एक दिन में लगा रहा है, वो कई देशों की पूरी आबादी से भी ज्यादा है। भारत के टीकाकरण अभियान की सफलता, प्रत्येक भारतवासी के परिश्रम और पराक्रम की पराकाष्ठा का परिणाम है।’ बता दें कि पीएम हिमाचल प्रदेश में लक्षित आबादी के कोविड-19 टीकाकरण अभियान पूरा होने पर लोगों से संवाद कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने हिमाचल के लोगों को बधाई दी।
पीएम ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कहा कि हिमाचल प्रदेश सभी पात्र लोगों को कोविड वैक्सीन की पहली खुराक देने वाला पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि यह पहाड़ी राज्य 100 साल की सबसे बड़ी, कोविड-19 महामारी के खिलाफ लड़ाई में ‘चैंपियन’ बन कर उभरा है। उन्होंने इस दौरान कहा कि सिक्किम और दादरा एवं नगर हवेली ने भी यह लक्ष्य हासिल कर लिया है।