जॉन अब्राहम एक ऐसे अभिनेता हैं, जो अपने एक्शन और अंदाज के लिए जाने जाते हैं। उनकी फिल्मों में स्टंट और मारपीट के खूब सीन होते हैं। ऐसी ही उनकी आगामी फिल्म अटैक है, जिसमें उनका अनदेखा अवतार नजर आएगा। अब मेकर्स ने इस फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। इस ट्रेलर में जॉन एक ऐसे मिशन पर दिखाई दिए हैं, जिनपर देश की सुरक्षा को पुख्ता रखने की जिम्मेदारी है।
जॉन ने ट्विटर पर अपनी फिल्म अटैक का ट्रेलर शेयर किया है। उन्होंने अपने ट्विटर पोस्ट में लिखा, देश को बचाने के लिए यहां है भारत का पहला सुपर सोल्जर। अटैक का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। अटैक का पहला भाग 1 अप्रैल, 2022 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में आएगा। फिल्म में जॉन के साथ रकुल प्रीत सिंह और जैकलीन फर्नांडिस मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। इसका निर्देशन लक्ष्य राज आनंद ने किया है।
ट्रेलर की शुरुआत ही ऐसे सीन से होती है, जिसमें जॉन और जैकलीन अटैक वाली जगह पर बेसुध दिखाई देते हैं। इसमें जॉन और जैकलीन को पार्टनर के रूप में दिखाया गया है। जॉन कहते दिखे हैं, हमारी जिंदगी के दो दिन बहुत खास होते हैं। पहला जिस दिन हमने जन्म लिया और दूसरा जिस दिन हम जान जाएं कि हमने जन्म क्यों लिया। इसके बाद शुरू होता है जॉन का अभियान और वह दुश्मनों पर हमलावर हो जाते हैं।