देहरादून :
उत्तराखंड में पारा मार्च में ही रिकार्ड बनाने की ओर अग्रसर है। पिछले करीब तीन सप्ताह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन से छह डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है।
अगले तीन दिन तापमान में होगा इजाफा
शुष्क मौसम के बीच चटख धूप भीषण गर्मी का एहसास करा रही है। ऐसे में अगले तीन तापमान में और इजाफा होने की आशंका है, यह सामान्य से सात से नौ डिग्री सेल्सियस तक अधिक पहुंच सकता है।
ग्लेशियर पिघलने और हिमस्खलन की चेतावनी
इसके चलते मौसम विभाग ने मध्य हिमालयी क्षेत्रों में ग्लेशियर पिघलने और हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। साथ ही वनों में आग की घटनाओं में इजाफा होने की आशंका जताई है।
प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम है शुष्क
पिछले कई दिनों से प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क है। जिसके चलते पारे में बढ़ोतरी दर्ज की गई। तीन सप्ताह से मैदानी इलाकों में पारा सामान्य से पांच-छह, जबकि पहाड़ी इलाकों में दो से चार डिग्री सेल्सियस तक अधिक है।
तापमान में अत्यधिक उछाल आने के आसार
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क ही बना रहेगा। रविवार से मंगलवार के बीच प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में तापमान में अत्यधिक उछाल आने के आसार हैं।
वनों में आग की घटनाओं में हो सकता है इजाफा
इसके हिमालयी क्षेत्रों में बर्फ पिघलने और हिमस्खलन की आशंका बन रही है। वनों में आग की घटनाओं में भी इजाफा हो सकता है। इसको लेकर मौसम विभाग ने यलो अलर्ट जारी किया है।