त्रिपुरा, अगरतला:
त्रिपुरा के धलाई जिले में महिलाओं ने 46 साल के रेप आरोपी को पेड़ से बांधकर पीट-पीटकर मार डाला। ये घटना गंधाचेरा थाना इलाके में हुई। जानकारी के मुताबिक आरोपी मर्डर केस में आठ साल जेल की सजा काटकर लौटा था। मंगलवार रात पांच साल की बच्ची अपनी मां के साथ एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। आरोप है कि वो शख्स बहला फुसलाकर बच्ची को जंगल में ले गया और उसका रेप कर उसे वहीं छोड़कर फरार हो गया। बच्ची के रोने की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक स्थानीय लोगों ने बच्ची को रोते-तड़पते देखा और पुलिस को इसकी सूचना दी जिसके बाद बच्ची को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक स्थानीय लोगों ने बताया कि बच्ची को आखिरी बार उस शख्स के साथ देखा गया था। स्थानीय लोगों ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए गंदाचेरा-अमरपुर हाईवे जाम कर प्रदर्शन भी किया। इस बीच कुछ महिलाओं ने आरोपी को पास के एक गांव में देखा और उसे पकड़ लिया। बुधवार सुबह महिलाओं ने उस आरोपी को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और फिर उसकी पिटाई की। महिलाओं ने आरोपी को इतना पीटा कि वो बेहोश हो गया।
महिलाओं ने आरोपी को पीटते हुए वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वीडियो में महिलाएं रेप आरोपी की जमकर पिटाई करती हुई नजर आ रही हैं। बाद मे आरोपी को पेड़ से खोला गया और बेहोशी की हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है।