Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का दौर शुरू होने के आसार, 7 जिलों में बदलेगा मौसम, गिरेगा तापमान

Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में बारिश-बर्फबारी का दौर शुरू होने के आसार, 7 जिलों में बदलेगा मौसम, गिरेगा तापमान

देहरादून। उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के कई जिलों में हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आ सकती है। मौसम में बदलाव के चलते पहाड़ी क्षेत्रों के साथ मैदानी इलाकों में भी ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के मुताबिक, देहरादून के अलावा टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 3200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड और बढ़ सकती है।

मौसम विभाग के अनुसार, 15 नवंबर तक प्रदेश में मौसम का यही रुख बने रहने का अनुमान है। बारिश और बर्फबारी के कारण पहाड़ों में तापमान गिरने के साथ मैदानी जिलों में भी ठंडक बढ़ सकती है। हालांकि, 16 और 17 नवंबर को प्रदेश में मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है।

इससे पहले बृहस्पतिवार को देहरादून समेत प्रदेश के कई इलाकों में दिनभर धूप खिली रही। तेज धूप के कारण दिन के समय ठंड का प्रभाव कम महसूस हुआ, जबकि सुबह और शाम के वक्त हल्की ठंड बनी रही। देहरादून में अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 13.7 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top